513 लाख से निखरेगी महानगर की सूरत

सहारनपुर। महानगर के चहुंमुखी विकास पर सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा 513 लाख से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। पुलों के सौंदर्यीकरण के साथ पांच पुलों पर ग्लोसाइन बोर्ड लगाए जाएंगे। यातायात सुरक्षा के लिए प्रमुख सड़कों पर रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप, स्पीड लिमिट तथा स्टॉप बोर्ड लगाए जाएंगे। अगले दो से तीन माह में ये सभी कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।



महानगर के कचहरी पुल की स्थिति इन दिनों सबसे ज्यादा खराब है। कई स्थानों से पुल की रेलिग गायब हो चुकी है। पुल के बीचोबीच कई बार गड्ढे बनने से दोपहिया वाहनों व ई-रिक्शों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा अंबेडकर चौक से नौगजा पीर तक 99.70 लाख की लागत से डिवाइडर का नवीनीकरण कराने के साथ ही रंगाई पुताई कराई जायेगी। कचहरी पुल, अंबाला रोड़ पुल, नुमाइश कैंप पुल, बेरीबाग पुल, जेल चुंगी पुल की मरम्मत कराने के साथ ही इनका सौंदर्यीकरण कराया जायेगा। चौ.चरण सिंह चौक से जनकपुरी चौक तक सड़क का चौड़ीकरण कराते हुए टाइल्स तथा सीएमएस निवासी से रिमांउट डिपो तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा।


42.50 लाख की लागत से चिलकाना रोड स्थित हलालपुर के तालाब का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण कराया जायेगा। प्राधिकरण की कोशिश है कि यह तालाब रमणीय स्थल में तब्दील हो सके। महानगर के पांच पुलों पर 12.29 लाख की लागत से ग्लोसाइन बोर्ड लगाए जाएंगे। नेताजी सुभाष पार्क में तितली पार्क में फुटपाथ का निर्माण होगा। सदर थाना तिराहे तथा भारत माता चौक का चौड़ीकरण भी कराया जायेगा जिससे यातायात के दबाव को सुचारू किया जा सके। अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि इन सभी कार्यों पर 513 लाख से अधिक की राशि खर्च होगी। अगले दो से तीन माह में ये सभी कार्य पूरे करा लिए जाएंगे।